गहरे गड्ढे में उतराया मिला युवक का शव

भांवरकोल (गाजीपुर)। ब्लॉक मुख्यालय से कुछ ही दूर हाइवे किनारे गहरे गड्ढे के पानी में शनिवार की सुबह युवक का शव उतराया मिला। युवक की पहचान धर्मेंद्र सिंह कुशवाहा (25) के रूप में हुई। वह बगल के ही गांव मिर्जाबाद का रहने वाला था।
उसके स्वजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शुक्रवार की सुबह ही घर से निकला था। काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटा तब उसकी तलाश शुरू हुई। रिश्तेदारों, परिचितों और खुद धर्मेंद्र के दोस्तों से भी उसके बारे में जानकारी ली गई लेकिन कुछ पता नहीं चला।
दूसरे दिन स्वजनों को पता चला कि एक युवक का शव हाईवे स्थित मार्टिंस स्कूल के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की मिट्टी के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे के पानी में उतराया है। वह मौके पर पहुंचे। शव देखकर सन्न रह गए। शव धर्मेंद्र का ही था।
धर्मेंद्र आखिर उस गड्ढे तक कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा। यह सवाल उठने लगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह शौच करने गया होगा और फिसल कर गड्ढे के पानी में चला गया होगा। एसओ भांवरकोल हरिनारायण शुक्ल ने बताया कि युवक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे। वैसे पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। धर्मेंद्र बेरोजगार एवं अविवाहित था।