सपा एमएलसी भाजपा सरकार पर खूब दागे जुबानी वाण

गाजीपुर। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव अभियान के क्रम में गुरुवार को आए समाजवादी पार्टी के एमएलसी वासुदेव यादव ने योगी सरकार पर खूब जुबानी वाण दागे।
पार्टी कार्यालय समता भवन में मीडिया से बात करते हुए कहे कि विधान परिषद का यह चुनाव बहुत अहम है और इस चुनाव में उनकी पार्टी की सभी 11 सीटों पर शानदार जीत होगी। कहे कि यह शिक्षकों और शिक्षितों का चुनाव है। शिक्षक हो चाहे शिक्षित बेरोजगार। चाहे किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, छात्र, नौजवान सभी वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान, हैरान हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में शिक्षकों और बेरोजगारों के हित में कई फैसले लिए गए थे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने, विद्यालयों को एडेड, विनियमित करने और तदर्थ शिक्षकों की स्थाई नियुक्ति हुई। एक लाख बहत्तर हजार शिक्षा मित्र नियुक्त हुए। बेरोजगार, नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता दिए गए।
यह भी पढ़ें–मुख्तार के गणेशुः पहने ‘लाल टोपी’
फिर वह भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहे कि प्रदेश में युवा बेरोजगार हैं। रोजगार देने के झूठे दावे किए जा रहे हैं। कोरोना संकट में लॉक डाउन से तमाम व्यापारिक गतिविधियां ठप हो गई हैं। रोजगार की जगह कर्मचारियों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। किसान की जमीन पर बड़े-बड़े उद्योगपतियों की नजर है। संसद में बहुराष्ट्रीय कंपनियों और चंद उद्योगपतियों के लिए कानून बन रहे हैं। देश में हताशा का दौर है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत दयनीय है। अपराध बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार अपराधियों के आगे बेदम दिख रही है। महिलाओं, बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं थम नहीं रही हैं। लूट, हत्या, अपहरण की घटनाएं रोज हो रही हैं। सत्ता संरक्षित अपराधी निर्दोषों की हत्या कर रहे हैं। भाजपा राज में युवाओं का भविष्य अंधेरे में है। शिक्षा संस्थाएं बंद है। ऑनलाइन पढ़ाई के नाम पर गांव में रहने वाले छात्र छात्राओं की अनदेखी की जा रही है। गरीब बच्चों के पास न लैपटॉप है न स्मार्ट फोन। न्याय के लिए अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। विपक्ष को बदले की भावना से फर्जी मुकदमे लगा कर परेशान किया जा रहा है। जनता का हर वर्ग भाजपा सरकार की वादाखिलाफी से परेशान है। किसान, श्रमिक, युवा आंदोलन की राह पर है। उन्होंने कहा कि जुल्म, ज्यादती के खिलाफ लड़ना समाजवादियों की फितरत है। पार्टी गरीबों के साथ हो रहे अन्याय और जुल्म को कत्तई बर्दाश्त नहीं कर सकती। चाहे इसके लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के साथ स्नातक एमएलसी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि विजय यादव, सुधीर यादव, आलोक कुमार, निजामुद्दीन खां, अशोक बिंद, अरुण कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, दिनेश यादव, कमलेश यादव,प्रभुनाथ राम, सिकंदर कनौजिया, रामाशीष यादव, आत्मा यादव, ताहिर सिद्दकी, गोपाल जी श्रीवास्तव, शिवशंकर यादव, आरिफ खान आदि भी उपस्थित थे।