सपाः राजेश कुशवाहा को बड़ी जिम्मेदारी, बने प्रदेश सचिव

गाजीपुर। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा को पार्टी नेतृत्व ने अब प्रदेश सचिव बनाया है। मंगलवार को घोषित 72 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी में श्री कुशवाहा के साथ ही गाजीपुर के पूर्व विधायक लालता प्रसाद निषाद को भी बतौर सदस्य जगह मिली है।
जाहिर है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर जातीय, क्षेत्रीय समीकरण के हिसाब से पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश की नई कार्यकारिणी घोषित की है। राजेश कुशवाहा को सचिव की जिम्मेदारी तथा लालता प्रसाद निषाद का सदस्य नामित होना भी पार्टी की चुनावी राजनीति से ही जोड़कर देखा जा रहा है।
राजेश कुशवाहा को संगठन का पूरा अनुभव है। 2017 के विधानसभा चुनाव के पहले तक वह पार्टी के जिलाध्यक्ष थे लेकिन चुनाव में उन्हें पार्टी सदर सीट से मैदान में उतारी। हालांकि तब भाजपा लहर में हार गए थे लेकिन 59 हजार 483 वोट बटोर कर दूसरे स्थान पर थे। वह युवा हैं। मृदु स्वभाव और अपनी साफ-सुथरी छवि से लोकप्रिय हैं। इनके पिताश्री जगदीश कुशवाहा गाजीपुर के सांसद रह चुके हैं। अपने मौर्यवंशीय समाज में भी राजेश कुशवाहा का अच्छा प्रभाव है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सदर सीट से पार्टी टिकट के दावेदार भी हैं लेकिन अब जबकि चुनाव से कुछ ही माह पहले इन्हें संगठन में प्रदेश सचिव बनाया गया है तो माना जा रहा है कि पार्टी विधानसभा चुनाव में उनका इस्तेमाल संगठन में कर सकती है लेकिन यह भी कि सपा में ऐसा कोई हार्ड रुल नहीं है कि संगठन के किसी पदाधिकारी को चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा। खुद राजेश कुशवाहा सहित कई ऐसे नेता उदाहरण हैं जिन्हें संगठन में पदाधिकारी रहते विधानसभा चुनाव में टिकट मिला है।