शहर और गहमर कोतवाल की अदला-बदली, विमल मिश्र को रोक नहीं पाईं विधायक!

गाजीपुर। पुलिस महकमे में सबसे ज्यादा मलाईदार माने जाने वाले गहमर थाने का प्रभार आखिर इंस्पेक्टर विमल मिश्र को छोड़ना ही पड़ा। हालांकि सबसे ज्यादा रसूखदार समझी जाने वाली शहर कोतवाली का उनको इंचार्ज बनाया गया है। इनकी यह तैनाती दिलीप सिंह के स्थान पर हुई है। जिन्हें गहमर का प्रभारी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें–पुलिस का ‘मुख्तारनामा’, अब बारी सिद्दीकी परिवार की
वैसे एक तरह से देखा जाए तो यह अदला-बदली का मामला लगता है और यह अदला-बदली पुलिस कप्तान डॉ.ओमप्रकाश सिंह ने शुक्रवार की रात की। महकमे में गहमर थाने से विमल मिश्र के जाने की चर्चा जरूर हो रही है। पिछले साल नौ दिसंबर को वह गहमर का प्रभार संभाले थे। तब उनकी वहां तैनाती के पीछे विधायक जमानियां सुनीता सिंह की कृपा पर बताई गई थी। शायद वही वजह रही कि वह छुटभैये भाजपा कार्यकर्ताओं को सेंटते नहीं थे। कई बार जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह बिट्टू की अगुवाई में कई बार कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर आकर विमल मिश्र का कच्चा चिट्ठा खोलते रहे। बावजूद तब भी विमल मिश्र का कुछ नहीं बिगड़ा। उधर गहमर इलाके में अपराध का आंकड़ा बढ़ता रहा। चोर बेखौफ अपने काम को अंजाम देते रहे और अब जबकि विमल मिश्र गहमर से चलते किए गए हैं तो वहां के भाजपा कार्यकर्ता इसे अपनी उपलब्धि मान रहे हैं।

इधर महकमे में गहमर थाने का प्रभार मिलना दिलीप सिंह की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। शहर कोतवाल के पद पर इन्हें बीते 14 जुलाई को तैनाती मिली थी।