मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे पर लगाया जाम

नंदगंज (गाजीपुर)। ट्रक के धक्के से बाइक सवार की मौत से गुस्साए लोगों ने गाजीपुर-वाराणसी राष्ट्रीय मार्ग पर शुक्रवार की शाम जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन पर करीब घंटे भर बाद जाम खत्म हुआ और यातायात फिर से बहाल हुआ। बाइक सवार सदानन्द यादव (40) कुसम्हीकलाँ के रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें–…और हत्यारन ऐसे चढ़ी हत्थे
सदानंद यादव पशुओं के लिए नंदगंज बाजार से चोकर खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। धरवां चट्टी पर नंदगंज की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से धक्का मार दिया। वह सड़क पर गिरे और ट्रक के नीचे आ गए। ट्रक चालक उनको रौंदते हुए भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सदानंद को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी बीच ग्रमीणों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर ट्रक को थाने ले आई। सदानंद के आश्रितों को मदद के लिए थानाध्यक्ष के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। सदानंद को एक पुत्र शुभम (8) व दो पुत्रियां कुमारी योजना व कुमारी निधि हैं। उनके गांव में खबर मिलते ही कोहराम मच गया। पत्नी माधुरी का रो रो कर बुरा हाल था।
