भाजपा: काशी क्षेत्र की कार्यकारिणी का भी बेसब्री से इंताजार

गाजीपुर। प्रदेश कार्यकारिणी से निराश गाजीपुर के भाजपाजनों को अब काशी क्षेत्र की कार्यकारिणी का बेसब्री से इंतजार है।
यह भी पढ़ें—किसानों की बल्ले-बल्ले
जहां निवर्तमान कार्यकारिणी में पदाधिकारी, सदस्य रहे नेताओं को अगली कार्यकारिणी में अपनी पदोन्नति की उम्मीद लगाए हैं वहीं अन्य कई नेता आश्वस्त हैं कि इस बार उन्हें कार्यकारिणी में जरूर जगह मिलेगी। इसके लिए आकाओं की परिक्रमा, चरणवंदन भी शुरू है। कहा जा रहा है कि कई आका भी भक्तिभाव से खुश होकर अपने भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने का ‘वरदान’ दे चुके हैं।
वैसे ऊपर के नेता यह बताने में असमर्थता जता रहे हैं कि काशी क्षेत्र की नई कार्यकारिणी कब घोषित होगी। कार्यकर्ता संभावना जता रहे हैं कि पितृ पक्ष समाप्त होने के बाद ही नई कार्यकारिणी गठित होगी और यह भी की 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए नई कार्यकारिणी में कर्मठ तथा जमीनी नेताओं को जगह मिल सकती है।

मालूम हो कि पार्टी ने काशी क्षेत्र के नेतृत्व की जिम्मेदारी महेशचंद्र श्रीवास्तव वास्तव को दोबारा सौंपी है। जाहिर है कि उनकी नई टीम में कौन लोग होंगे। इसका निर्णय भी बहुत हद तक उन पर निर्भर करेगा। निवर्तमान कार्यकारिणी में गाजीपुर के वरिष्ठ नेता कृष्ण बिहारी राय को उपाध्यक्ष और सरोज कुशवाहा को मंत्री पद सौंपा गया था। इनके अलावा वरिष्ठ नेता कुवंर रमेश सिंह पप्पू, खरगू चौहान तथा बीके त्रिवेदी सदस्य बने थे।