ब्रेकिंग न्यूजराजनीति

भाजपाइयों ने अब एसएचओ कासिमाबाद के विरुद्ध खोला मोर्चा, थाना मुख्यालय के सामने धरने पर बैठे

गाजीपुर। थानेदारों की मनमानी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता अब उबलने लगे हैं। बुधवार को कार्यकर्ता एसएचओ कासिमाबाद बलवान सिंह के विरुद्ध सीधा मोर्चा खोल दिए। वह उन्हें हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। शाम ढाई बजे समाचार लिखे जाने तक उनका धरना जारी था।

यह भी पढ़ें— नवोदय विद्यालय: तिथि बढ़ी

पार्टी के कासिमाबाद मंडल प्रथम के अध्यक्ष संतोष गुप्त ने बताया कि खजूर गांव में एक विवादित भूखंड पर कोर्ट के स्थगनादेश के मामले को लेकर कार्यकर्ताओं संग वह जैसे ही थाना मुख्यालय पर पहुंचे कि एसएचओ आग बबूला हो गए। उन्हें गालियां देते हुए भाग जाने को कहे। उनके इस रवैये से आमजन में पार्टी और सरकार की छवि धूमिल हो रही है। इस दशा में उनको एसएचओ के पद से हटाना ही विकल्प रह गया है। धरना में रामप्रताप सिंह पिंटू, शिवप्रताप सिंह छोटू, सौरभ प्रताप सिंह, संतोष कुशवाहा, नंदा राजभर, दीना नाथ ठाकुर, मोती बिंद, राजेश सिंह, वेदप्रकाश, अभिजीत सिंह, पंकज सिंह, अनिल सिंह आदि शामिल हैं।

वैसे पता चला है कि कासिमाबाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और एसएचओ बलवान सिंह के बीच पहले से ही टसल चल रही है। मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्त इस सिलसिले में जिलाध्यक्ष को चिट्ठी लिख चुके हैं। फिर पुलिस कप्तान से खुद भी मिल कर एसएचओ बलवान सिंह की लिखित शिकायत कर चुके हैं। उनका आरोप है कि एसएचओ कासिमाबाद के लिए जहां भाजपा कार्यकर्ता फूटी आंख नहीं सुहाते वहीं वह दलालों को अपने सिर माथे पर बैठाए रहते हैं।

इसी बीच पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री राघवेंद्र सिंह ने कासिमाबाद थाने के घटनाक्रम पर आक्रोश जताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं संग एसएचओ कासिमाबाद का व्यवहार सरासर निंदनीय है। इसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस आम फरियादियों के साथ सम्मान के साथ पेश आए लेकिन जब खुद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थानों पर बदसलूकी हो रही है तो सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि आमजन के प्रति पुलिस का रवैया कैसा होगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता वीके त्रिवेदी ने भी कहा  कि अभी कुछ ही दिन पहले शाहनिंदा पुलिस चौकी इंचार्ज ने एक सम्मानित कार्यकर्ता का नाहक चालान कर दिया और अब कासिमाबाद थाने पर पहुंचे कार्यकर्ताओं संग दुर्व्यवहार की घटना असहनीय है।

उधर कासिमाबाद थाने के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने के सवाल पर सीओ कासिमाबाद महिपाल पाठक ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और उन्होंने इस बात से पुलिस कप्तान को भी अवगत करा दिया है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker