पत्रकार एसोसिएशन: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भारी पड़ी प्रिंट मीडिया

गाजीपुर। गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के रविवार को हुए प्रतिष्ठापरक चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रिंट मीडिया भारी रही। कुल छह पदो में अध्यक्ष सहित चार पद प्रिंट मीडिया के खाते में गए जबकि शेष दो पद इलेक्ट्रॉनिक और वेब मीडिया के हिस्से में आए।
यह भी पढ़ें—योगी की शहीद के नाम सौगात
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान का काम सुबह दस से दो बजे तक चला। उसके बाद शाम तीन बजे से मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। उसके मुताबिक अध्यक्ष पद पर एकतरफा मुकाबले में विनोद पांडेय (अमर उजाला) निर्वाचित हुए। वह कुल 49 वोट पाए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सूर्यवीर सिंह मात्र 24 वोट बटोर पाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए भी सीधे मुकाबले में पंकज पांडेय (दैनिक जागरण) ने बाजी मारी। उन्हें कुल 57 तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित अभिषेक सिंह (टीवी चैनल हिंदी खबर) की झोली में 53 वोट गिरे। महामंत्री पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले में निर्वाचित चंद्रमोहन तिवारी (काल भैरव) 31 वोट सहेजे। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी देवब्रत विश्वकर्मा मात्र पांच वोट से पीछे रह गए। तीसरे उम्मीदवार अनिल कुमार महज 15 वोट जुटा पाए।

इनके अलावा संयुक्त मंत्री शिव प्रताप तिवारी (फास्ट न्युज डॉट कॉम) और कोषाध्यक्ष पद पर इंद्रासन यादव (अमर उजाला) निर्विरोध चुने गए। निर्वाचक मंडल में एके राय, अशोक श्रीवास्तव, रविकांत पांडेय, आलोक त्रिपाठी तथा दुर्गविजय सिंह थे। कुल 75 में 73 वोट पड़े थे।