दुष्कर्म के बाद दलित किशोरी की चाकू मार कर हत्या, विरोध में रास्ता जाम

बहरियाबाद (गाजीपुर)। शौच को गई दलित किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की सनसनीखेज खबर मिली है। घटना खाजेपुर गांव की है। किशोरी का अर्धनग्न शव घर से करीब 200 मीटर दूर कटे धान के खेत में रविवार को तड़के मिला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बहरियाबाद थाना मुख्यालय के पास रास्ता जाम कर दिया। पुलिस अधिकारी जाम खत्म कराने की कोशिश में जुटे लेकिन मौके पर पुलिस कप्तान के पहुंचने पर ही सुबह करीब सवा 11 बजे ही जाम खत्म हुआ।
यह भी पढ़ें—…और गणेशु की बिल्डिंग का काम तमाम
16 साल की किशोरी शौच के लिए सुबह छह बजे घर से निकली थी। घंटा भर बाद घर नहीं लौटी तब उसकी मां को चिंता हुई। वह उसे ढूंढ़ते हुए खेत की ओर गई तो उसे उसकी बेटी लहूलुहान गिरी पड़ी मिली। उसके गले पर चाकू के गहरे निशान थे। पास में खून पसरा था। मां की चीख सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किशोरी को तत्काल बहरियाबाद बाजार के एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गुस्से में लोगों ने थाना मुख्यालय के पास रास्ता जाम शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझा कर जाम खत्म कराने की कोशिश में लग गए लेकिन ग्रामीण उनकी एक नहीं सुन रहे थे। एहतियातन आसपास के थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई थी। कुछ देर बाद पुलिस कप्तान डॉ. ओमप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी तथा किशोरी के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिए। तब रास्ता जाम खत्म हुआ। रास्ता जाम करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं।
हालांकि फिलहाल पुलिस किशोरी संग दुष्कर्म की बात आधिकारिक रूप से मानने को तैयार नहीं थी। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पुष्टि होगी लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्य दुष्कर्म की ओर इशारा कर रहे थे। खेत में किशोरी के पास उसकी टूटी चुड़ियों के टूकड़े तथा हेयर बैंड गिरा पड़ा था। इससे यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि किशोरी हत्यारे का बलभर विरोध भी की थी। किशोरी बहरियाबाद स्थित सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की छात्र थी। वह अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।