कुख्यात सन्नी गैंग का सरनामी बदमाश धनजी गिरफ्तार, नाइन एमएम पिस्तौल बरामद

गाजीपुर। कुख्यात सन्नी सिंह के गैंग का सरनामी बदमाश सुंदर सिंह उर्फ धनजी शनिवार की सुबह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके कब्जे से मय कारतूस नाइन एमएम पिस्टल और स्पार्कियो बरामद हुई। सैदपुर और करंडा पुलिस की साझी कार्रवाई में सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर ढाबा के पास यह कामयाबी मिली। वह करंडा थाने के गोशंदेपुर गांव का रहने वाला है। सैदपुर कोतवाली के बहुचर्चित देवचंदपुर कांड में वांटेड था और उसके सिर पर 25 हजार का ईनाम घोषित था।
मालूम हो कि बीते 14 अक्टूबर की रात कर्मवीर उर्फ सन्नी सिंह गैंग के साथ अपने ही गांव देवचंदपुर के पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। गैंग ने अपनी दोनों गाड़ियों में तेल भरवाया था। उसके बाद हुए नाहक विवाद में सन्नी और उसके शॉर्प शूटर आनंद उर्फ ढोलक सिंह ने गोली मारकर मौके पर मौजूद गांव के ही त्रिभुवन सिंह की हत्या और उनके सगे चचेरे भाई शिवमूरत को जख्मी कर दिया था। उसके बाद गैंग जाते वक्त पंप पर रखी लाइसेंसी राइफल, दो बंदूक, कैश बॉक्स की नकदी और पंप मालिक के भाई की सोने की चैन लूट लिए थे। उस मामले में पंप मालिक के भाई अजय पांडेय ने सन्नी सिंह तथा ढोलक सिंह को नामजद और 12 अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। इस घटना में धनजी सहित कुल आठ जेल जा चुके हैं। छह अभी फरार हैं। घटना के बाद फरार गैंग सरगना सन्नी सिंह और ढोलक के सिर पर 50 हजार रुपये का ईनाम रखा गया। कुछ दिन बाद ही वह पकड़े गए। उनकी निशानदेही पर मौके से लूटे गए तीनों लाइसेंसी असलहे भी बरामद हो गए थे। एफआईआर में अज्ञात बदमाशों की पहचान पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे से हुई थी। धनजी के कब्जे से बरामद स्कार्पियो घटना में प्रयुक्त हुई थी।
यह भी पढ़ें–मुख्तार गैंग का ‘बदूंकची’ गिरफ्तार
धनजी कुख्यात अपराधी है। पहले से ही उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट के तहत कुल 14 मामले दर्ज रहे हैं। उनमें अकेले 12 मामले करंडा थाने के ही हैं। पिछले साल भी वह सुर्खियों में तब आया था, जब 24 मई की रात सपा के जिला पंचायत सदस्य विजय यादव पप्पू की उनके दरवाजे पर ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। विजय यादव पप्पू सपा विधायक डॉ.वीरेंद्र यादव के अति करीबी थे। उनके निधन की खबर पर सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी पुछार करने उनके घर पहुंचे थे। उस घटना की पुलिस विवेचना में धनजी का नाम आया था।