किसान कल्याण मिशनः नामित मुख्य अतिथियों की सूची पर भाजपा कार्यकर्ता हैरान

गाजीपुर। योगी सरकार के बहुप्रचारित किसान कल्याण मिशन को लेकर भाजपा के जिला नेतृत्व की संजीदगी पर सवाल उठने लगे हैं।
मिशन छह जनवरी से शुरू हो रहा है। शुभारंभ के लिए भाजपा की ओर से विधानसभा क्षेत्रवार मुख्य अतिथि नामित किए गए हैं। उनमें एक तो ऐसे हैं, जिनका खेतीबारी तो दूर उनके परिवार का कभी गंवई नाता भी नहीं रहा है। एक अन्य हैं जो किसान तो दूर खुद पार्टी के कार्यकर्ता से भी संवाद करना मुनासिब नहीं समझते हैं जबकि दो गैर क्षेत्र के हैं। यही नहीं बल्कि नामित मुख्य अतिथियों की पार्टी की बनी सूची में विधायक अलका राय तथा डॉ.संगीता बलवंत का नाम नहीं है। यह नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ है। क्या वह दोनों विधायक उस कार्यक्रम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसका जवाब तो पार्टी जिला नेतृत्व ही दे सकता है। हालांकि सूची के मुताबिक पार्टी की जमानियां विधायक सुनीता सिंह जमानियां तथा एमएलसी विशाल सिंह सैदपुर ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इनके अलावा जखनियां ब्लाक मुख्यालय पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल पांडेय, मुहम्मदाबाद गाजीपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल, कासिमाबाद ओमप्रकाश गुप्त, बिरनो नरेंद्र सिंह और सदर ब्लाक के शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सरोजेश सिंह होंगे। किसान कल्याण मिशन 21 जनवरी तक चलेगा। इसका संचालन कृषि विभाग करेगा। जाहिर है कि मिशन के शुभारंभ पर मुख्य अतिथिगण किसानों के समक्ष कृषि कानूनों पर भी अपनी पार्टी भाजपा का पक्ष रखेंगे।
…और मुख्यमंत्री लखनऊ में करेंगे शुभारंभ
गाजीपुर। बताया गया है कि मिशन के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के दादूपुर ग्राम में ‘किसान कल्याण मिशन' का शुभारंभ करेंगे। मिशन के तहत गाजीपुर सहित राज्य के सभी 825 ब्लाकों में किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलेगा। इस क्रम में किसान मेला और किसान गोष्ठियां आयोजित होंगे। उनमें प्रगतिशील किसानों को आमंत्रित कर अन्य किसानों को उन्नति खेती के लिए टिप्स दिलवाए जाएंगे। इसके लिए कृषि विभाग हर जिले से रोल मॉडल के रूप में 100 प्रगतिशील किसानों का चयन करेगा। उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर गठित फार्मर्स प्रोड्यूसिंग ऑर्गनाइजेशन (एफपीओ) के पदाधिकारी भी आमंत्रित किए जाएंगे। किसानों को प्रमाणपत्र, मंजूर फॉर्म मशीनरी बैंक, बीज विधायन संयंत्र भी बांटे जाएंगे। किसान क्रेडिट कार्ड और नकृषि रक्षा रसायन, पशुधन बीमा योजना संबंधी स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। पशुओं का खुरपका-मुंहपका टीकाकरण भी होगा। इन कार्यक्रमों में मनरेगा से जुड़े कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। भूमि संरक्षण, वर्मी कम्पोस्ट, कैटल शेड, मत्स्य तालाब एवं औद्यानीकरण कार्यक्रम के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम भी होंगे। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर सहित अन्य उपकरणों का भी वितरण होगा। इस पूरे अभियान की शासन स्तर से मॉनिटरिंग होगी।
यह भी पढ़ें–…और पुलिस को हटना पड़ा पीछे