अपराधब्रेकिंग न्यूज

अब ग्राम प्रधान के करीबी पर हमला, चिंताजनक दशा में घायल वाराणसी रेफर

बाराचवर। बरेसर थाने के भोपतिपुर न्यायीपुर के प्रधान भरत कुमार भागी के बाद अब उनके अति करीबी गोपाल प्रजापति (24) पर हमले की खबर मिली है। घटना रविवार की रात की बताई गई है। गोपाल को चिंताजनक दशा में बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें—ओह! खाकी तक वायरस

गोपाल अपने दरवाजे पर अकेले सोया था। उसी बीच करीब एक बजे उसका गला काटने की कोशिश हुई। उसकी चितकार सुन परिवारीजन तथा पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई लेकिन हमलावर का कोई पता नहीं चला। एसओ बरेसर संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। लिहाजा यह भी साफ नहीं है कि हमलावर कौन था और इसके पीछे क्या कारण है।

मालूम हो कि बीते गुरुवार को ग्राम प्रधान भरत कुमार भागी पर दिनदहाड़े गोली चली थी। गोली भागी के हाथ में लगी थी। उन्होंने इस मामले में बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बताया था कि वह मनरेगा के तहत चल रहे कार्य के स्थल से घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर गोली दागी थी। उसके बाद वह भाग निकले थे। गोपाल पर हमले की घटना को भी प्रधान पर हुए हमले से जोड़ कर देखा जा रहा है। पहले ग्राम प्रधान और अब उनके करीबी पर हमले की घटना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। हमलावर कौन हैं और हमले का कारण क्या है। इन सवालों के जवाब ढूंढने में पुलिस हाथ-पांव मार रही है। खबर है कि गांव के कुछ मनबढ़ युवकों से पूछताछ की गई है। गांव के लोग भी इन घटनाओं से हैरान हैं। प्रधान को करीब से जानने वाले इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि हकीकत खुद प्रधन ही बता सकते है। उधर प्रधान ने दोनों घटनाओं के लिए अपने विरोधियों को जिम्मेदार बताया। उलका कहना था कि विरोधी उन्हें और उनके लोगों को मारना चाहते हैं लेकिन वह उनसे कतई डरने वाले नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button